टिकट विवाद बना मौत का कारण: नेवी अफसर की पत्नी को चलती ट्रेन से फेंकने का आरोप, TTE पर हत्या का केस दर्ज
उत्तर प्रदेश के इटावा में पटना–आनंद विहार सुपरफास्ट 04089 ट्रेन से दिल्ली जा रही नेवी अफसर की पत्नी आरती यादव की मौत के मामले ने सनसनी फैला दी है। पहले इसे हादसा माना जा रहा था, लेकिन अब परिवार के आरोपों के बाद GRP ने ट्रेन में तैनात TTE संतोष के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
32 वर्षीय आरती इलाज के लिए दिल्ली जा रही थीं। परिवार का कहना है कि दूसरी ट्रेन में रिज़र्वेशन होने के बावजूद वह जल्दबाजी में इस ट्रेन में चढ़ गईं। टिकट को लेकर TTE से कहासुनी हुई और आरोप है कि गुस्से में TTE ने उन्हें चलती ट्रेन से धक्का दे दिया।
उनका शव साम्हो-भरथना रेलवे लाइन पर मिला था। घरवालों को शक तब बढ़ा जब आरती का पर्स लाश से 4 किलोमीटर दूर, और मोबाइल अलग लोकेशन पर मिला। तीन जगह सामान बिखरे होने से हादसे से ज्यादा “धक्का या मारपीट” की आशंका गहरी हुई।
CO GRP उदय प्रताप सिंह के मुताबिक, परिवार की शिकायत के आधार पर TTE के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।




















